मदन महल अंडरब्रिज 22 फरवरी से शुरू होगा, घूमकर जाने की झंझट होगी दूर

जबलपुर। रेलवे के समय से पहले मदनमहल अंडरब्रिज (आरयूबी) का निर्माण कार्य पूरा कर लेने से शहर की दम तोड़ती यातायात व्यवस्था को कुछ सहारा मिल सकता है। मदनमहल टर्मिनस के प्लेटाफॉर्म निर्माण के लिए आरयूबी का विस्तार करने पिछले वर्ष 1 दिसंबर से इसे तीन माह के लिए बंद कर दिया गया था। पश्चिम मध्य रेल ने 90 दिन में अंडरब्रिज तैयार करने का निर्देश दिया था। लेकिन इंजीनियरिंग विभाग ने आरयूबी के विस्तार कार्य को 75 दिन में ही पूरा कर लिया। निर्धारित तिथि से पंद्रह दिन पहले काम पूरा होने का फायदा अब आम लोगों को मिलने जा रहा है। 22 फरवरी को अंडरब्रिज आम लोगों और वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा।

विस्तार कार्य के कारण पिछले वर्ष दिसंबर से बंद था, 90 दिन का काम 75 दिन में पूरा
शास्त्री ब्रिज से घटेगा दबाव
मदनमहल अंडरब्रिज बंद होने के दोपहिया और चारपहिया वाहनों को शास्त्री ब्रिज और कछपुरा ओवर ब्रिज होते हुए शहर में एक हिस्से से दूसरी ओर आना-जाना पड़ता था। पहले ही यातायात का दबाव झेल रहे शास्त्री ब्रिज में लोड और बढ़ गया था। अंडर ब्रिज खुलने से दशमेश द्वार की ओर से राइट टाउन की ओर आने वाले वाहन को शास्त्री ब्रिज का फेरा लगाने की आवश्यकता नहीं रहेगी।

जाम से भी राहत मिलेगी
फ्लाइओवर निर्माण के कारण यहां की सडक़ें संकरी हो गई हैं। अंडरब्रिज के बंद रहने से फ्लाइओवर निर्माण कार्य स्थल पर दिन में कई बार जाम लग रहा था। इसका असर शास्त्री ब्रिज तक पड़ रहा था। अंडरब्रिज से कुछ ट्रैफिक डायवर्ट होने से शास्त्री ब्रिज में जाम की झंझट से भी कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

मदनमहल स्टेशन के पास अंडर पास का निर्माण कार्य लक्ष्य से पहले सिर्फ 75 दिन में पूरा किया गया है। 22 फरवरी को सुबह 11 बजे आरयूबी को सडक़ यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
- डॉ. प्रियंका दीक्षित, मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी,पमरे



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://bit.ly/2NDryO2
#jabalpur

Post a Comment

0 Comments