
जबलपुर. बाली उम्र में ही देश के बड़े प्लेटफार्म पर अपने हुनर का लोहा मनवाने वाली रत्निका का मुंबई से जबलपुर पहुंचने पर परिचितों, प्रशंसकों ने शानदार खैरमकम किया। रत्निका का नाम अब किसी परिचय का मोहताज नहीं। उन्होंने रिएलिटी शो के जरिए अपनी अलग पहचान बना ली है। उनकी सुरीली आवाज का जादू दूर-दूर तक फैल चुका है। उन्होंने संगीत प्रेमियों के बीच अपनी एक अलग पहचान बना ली है।
कक्षा 8 की छात्रा रत्निका गायकी के साथ-साथ पढ़ाई में भी अव्वल हैं। दादा राजनारायण श्रीवास्तव और पिता ऋषभ श्रीवास्तव तथा मां डॉ कीर्ति श्रीवास्तव से संगीत की शिक्षा हासिल करने वाली रत्निका ने रिएलिटी शो के शीर्ष 6 प्रतिभागियों में अपना स्थान बनाया है। तीन साल की उम्र से ही उन्होंने यह तय कर लिया था कि कॅरियर तो संगीत के ही क्षेत्र में बनाना है। इसके लिए उन्होंने अपने दादा, पिता और मां के साथ मिल कर जमकर रियाज किया। उस रियाज का ही परिणाम है कि अब वह देश के जानेमाने बाल सिंगरों की फेहरिश्त में शामिल हो चुकी हैं।
रिएलिटी शो में चयन को लेकर 13 साल की रत्निका का कहना है कि उन्होंने ऑनलाइन ऑडिशन दिए। लगभग 5 ऑडिशन के बाद वो देशभर से चुने गए 20 प्रतिभागियों में शामिल हो सकीं। हालांकि वह इससे पहले भी कई रिएलिटी शो का हिस्सा बन चुकी हैं।
कोरोना के कारण हुए ऑनलाइन ऑडिशन में चुने गए प्रतिभागियों को मुंबई बुलाया गया। रत्निका अपने पिता ऋषभ श्रीवास्तव के साथ मुंबई में इस शो का हिस्सा बनने पहुंचीं। शो का अनुभव बहुत अच्छा रहा। वहां रहकर जाने माने गायकों से काफी कुछ सीखने को मिला। शो का फाइनल रिजल्ट आना अभी बाकी है। उम्मीद है कि परिणाम अच्छा होगा। रत्निका ने सिंगिंग रियलिटी शो में अपनी हर एक प्रस्तुति बेहतरीन दी, जिसके लिए निर्णायकों ने उनकी प्रतिभा को काफी सराहा। सिर्फ इतना ही नहीं गायकी के साथ उनके आव-भाव को भी निर्णायकों ने काफी पसंद किया।
रविवार की शाम डुमना एयरपोर्ट पर रत्निका के मुंबई से वापस लौटने पर उनके परिवार व शुभचिंतकों ने उनका शानदार स्वागत किया। शहर के लोगों ने उत्साह के साथ उनका स्वागत किया और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://bit.ly/38RpytW
#jabalpur
0 Comments