
जबलपुर. पंचायत चुनाव की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। इसके साथ ही आपसी रंजिश का दौर भी शुरू हो गया है। रंजिश में एक दूसरे पर जानलेवा हमला भी होने लगा है। इसी कड़ी में बीती रात कुछ लोगों ने पूर्व सरपंच के बेटे को गोली मार दी। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। गोली पेट में लगी है और उसकी हालत गंभीर बनी है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार शहपुरा कस्बे के वार्ड नंबर- 14 निवासी प्रदीप सिंह के चचेरे भाई अनंत सिंह दोपहर में बाइक लेकर निकला था। भैरव मंदिर के पास रहने वाले अभिषेक सिंह से उसके वाहन से टक्कर हो गई। इसे लेकर उनके बीच कहासुनी हुई और तब मामला शांत हो गया था। लेकिन रात में अनंत ने इसकी जानकारी चचेरे भाई प्रदीप सिंह को दी। प्रदीप के पिता रमेश सिंह पूर्व सरपंच रह चुके हैं। जबकि वर्तमान में अनंत की मां सुधा सिंह सरपंच हैं।
बताया जा रहा है कि प्रदीप सिंह चचेरे भाई अनंत और परिवार के अन्य लोगों के साथ अभिषेक सिंह के घर दोपहर में हुए विवाद में समझौता करने के लिए गया था। वहां बातचीत के दौरान उनकी बहस हो गई। प्रदीप सिंह के मुताबिक अभिषेक सिंह अचानक बातचीत से उठा और घर के अंदर चला गया। इसके बाद उसने छत पर चढ़कर पिस्टल से गोली चला दी। गोली प्रदीप के पेट में लगी है। परिजन उसे शहर के निजी अस्पताल में ले आए। जहां देर रात तक ऑपरेशन किया गया।
घटना के समय एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा जिले के सभी टीआई की बैठक ले रहे थे। लेकिन जैसे ही घटना की सूचना मिली टीआई सीएम शुक्ला बैठक छोड़कर शहपुरा के लिए रवाना हुए। पुलिस ने मामले में अभिषेक सिंह सहित चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। तनाव को देखते हुए आसपास के अन्य थानों की पुलिस भी बुला ली गई है। पुलिस देर रात तक आरोपी की धर पकड़ में जुटी रही।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://bit.ly/3oZZaDI
#jabalpur
0 Comments