
जबलपुर। टोक्यो ओलम्पिक गेम्स के लिए टाटा स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स जमशेदपुर, झारखंड में 23 से 27 नवम्बर तक आयोजित सिलेक्शन ट्रायल में मध्य प्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी के खिलाड़ी अमित कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2880 अंकों के विरुद्ध 2655 के स्कोर के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अमित कुमार का पुणे में होने वाले इंडिया कैम्प के लिए चयन हुआ है।
इससे पहले ओलम्पिक के इंडिया कैम्प के लिए आठ खिलाडिय़ों का चयन हुआ था। कोरोना काल के बाद पुन: ओलम्पिक हेतु इंडिया कैम्प के लिए चयन प्रतियोगिता झारखंड में हुई। सिलेक्शन ट्रायल में देश के 29 खिलाडिय़ों ने भागीदारी की। जिसमें मध्यप्रदेश तीरंदाजी अकादमी जबलपुर के दो खिलाड़ी अमित कुमार और अमित यादव ने भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टॉप आठ में जगह बनाई। इनमें से अमित कुमार ने टॉप फोर में आकर ओलम्पिक के इंडिया कैम्प में जगह बनाई। संचालक खेल और युवा कल्याण पवन कुमार जैन ने बताया कि मध्यप्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी के माध्यम से तैयार खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे खिलाड़ी
मध्यप्रदेश तीरंदाजी अकादमी जबलपुर में वर्ष 2016 से प्रशिक्षणरत अमित कुमार ने वर्ष 2018 में पुणे में आयोजित सीनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता की टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक मध्य प्रदेश को दिलाया। उन्होंने मिनी नेशनल (अंडर14) में भी स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। अमित कुमार के टोक्यो ओलम्पिक के लिए इंडिया कैम्प में चयन होने पर उन्हें खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://bit.ly/3fCZTXH
#jabalpur
0 Comments