डिफेंस इंप्लाइज की अनिश्चित कालीन हड़ताल समाप्त कराने में जुटा OFB

जबलपुर. डिफेंस इंप्लाइज की अनिश्चित कालीन हड़ताल को समाप्त कराने के लिए शासन व प्रशासन स्तर से कार्रवाई तेज हो रही है। आयुध निर्माणी बोर्ड (ओएफबी) ने देश की सभी 41 ऑर्डिनेंस फैक्ट्रियों के वरिष्ठ महाप्रबंधक, महाप्रबंधकों को निर्देश जारी कर कहा है कि हर हाल में 12 अक्टूबर से प्रस्तावित आर्डिनेंस फैक्ट्रियों की अनिश्चित कालीन हड़ताल को समाप्त किया जाए।

बता दें कि केंद्र सरकार की नीतियों को गलत ठहराते हुए देश के सुरक्षा संस्थानों से जुड़े देश भर के डिफेंस इंप्लाइज ने अनिश्चित कालीन हड़ताल का ऐलान किया है। इस संबंध में सभी ऑर्डनेंस फैक्ट्री यूनियन ने फैक्ट्री प्रबंधन को हड़ताल का नोटिस सौंप दिया है। ऑल इंडिया डिफेंस एम्पलाइज फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एसएन पाठक ने बताया है की रक्षा विभाग की तीनों फेडरेशन द्वारा जारी किए गए संयुक्त प्रेसनोट के अनुसार ऑर्डनेंस फैक्ट्रियों के प्रस्तावित निगमीकरण का फैसला वापस लेने के मुद्दे पर रक्षा मंत्री द्वारा सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं दी गई। लिहाजा यूनियनों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल को लेकर फैक्ट्री प्रबंधन को नोटिस सौंप दिया है। जिसमें गन कैरिज, व्हीकल, ऑर्डनेंस फैक्ट्री खमरिया, ग्रे आयरन फाउंड्री यूनियन भी शामिल है। इन सभी ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के कर्मचारियों ने ऐलान किया है कि वो 12 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।

ये भी पढ़ें- देश के संकट काल में इन कर्मचारियों ने की बेमियादी हड़ताल की घोषणा, जानें क्या है वजह

इस मसले पर ओएफबी ने कहा है कि कर्मचारियों को हड़ताल पर जाने से रोकने के हर उपाय किए जाएं। इसके तहत फैक्ट्रियों के वरिष्ठ महाप्रबंधक, महाप्रबंधक इस विषय को गंभीरता से लेकर यूनियनों के साथ बैठक की जाए और बैठक की रिपोर्ट हर हाल में 13 अगस्त तक भेजी जाए।

निर्देश में कहा है कि आयुध निर्माणियों में विभिन्न कर्मचारी यूनियनों और उच्च स्तर पर फेडरेशनों द्वारा अनिश्चितकालीन हड़ताल के नोटिस दिए जा रहे हैं। यह हड़ताल टालने के लिए संबंधित निर्माणी, इकाई के वरिष्ठ महाप्रबंधक, महाप्रबंधक द्वारा प्रयास किए जाएं। निर्माणी के अनुभाग प्रमुखों को बैठकों का समापन करने का दायित्व सौंपा जाए। बैठक में कर्मचारियों की समस्या और उनके द्वारा चाही गई सुविधा पर चर्चा करें। निर्माणियों की यूनियनों, फेडरेशनों के पदाधिकारियों के साथ होने वाली बैठक के मिनिट्स का रिकॉर्ड बनाया जाए। निर्माणी प्रशासन इसी रिकॉर्ड सहित अपनी रिपोर्ट बनाकर ओएफबी मुख्यालय तक भेजे। रिपोर्ट मेल एड्रेस पर भी भेजी जा सकती है।

बैठक का बहिष्कार किया

ओएफबी मुख्यालय के निर्देश पर आयुध निर्माणियों के अधिकारी पहले भी फेडरेशनों, यूनियनों के साथ चर्चा बैठक करने का प्रयास कर चुके हैं। यूनियन प्रमुखों ने निर्माणी प्रशासन के निमंत्रण को ठुकराकर बैठक का बहिष्कार कर दिया। ओएफबी ने हड़ताल टालने दोबारा प्रयास किए हैं। वहीं निर्माणियों के निगमीकरण का फैसला निरस्त करने की मांग लेकर यूनियनों ने प्रदर्शन, आंदोलन शुरू कर दिया है। इससे चर्चा बैठक का दोबारा बहिष्कार होने के आसार हैं।

ऑल इंडिया डिफेंस इंप्लाइज फेडरेशन की मांगें
- ऑर्डनेंस फैक्ट्री के प्रस्तावित निगमीकरण का फैसला वापस लिया जाए। यह विभिन्न फोरम तथा सचिव रक्षा उत्पादन के साथ 23 अगस्त 19 की बैठक के फैसले का उल्लंघन है।
- वर्तमान स्वरूप को कायम रखते हुए ऑर्डनेंस फैक्ट्रियों की दक्षता, क्षमता, उत्पादन,गुणवत्ता, जवाबदेही, रिसर्च एंड डेवलपमेंट, ट्रांसफर ऑफ टेक्नोलॉजी बढ़ाने एक्सपर्ट कमेटी का गठन किया जाए।
- ऑर्डनेंस फैक्ट्री बोर्ड को सार्वजनिक क्षेत्र की इकाई बनाने के निर्णय को आगे नहीं बढ़ाया जाना चाहिए। कर्मचारियों के वर्तमान अधिकार एवं सुविधाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://bit.ly/3fIq7pY
#jabalpur

Post a Comment

0 Comments